मेरा वतन
मुझे आज मेरा
वतन याद आया
भूला ही कहाँ था
जो फिर याद आया
मुझे आज मेरा
वतन याद आया.
दोस्तों से मुलाकातें
वो मोहब्बत की बातें
ठंडी ठंडी बयार में
गुजरती थी रातें
था सब कुछ तो अपना
नहीं कुछ पराया
मुझे आज मेरा
वतन याद आया.
वो माँ की दुलारें
अपनों की मनुहारें
कभी नर्म धूप और
फिर ठंडी बौछारें
हर शाख पर थी रौनक
हर गुंचा मुस्कुराया
मुझे आज मेरा
वतन याद आया.
कोयल के सुरों में वो
सावन के हसीं झूले
कितना ही भुलाया
मगर फिर भी नहीं भूले
जैसे ही घटा बरसी
बरबस वो याद आया
मुझे आज मेरा
वतन याद आया.
पल पल में शोख मस्ती
हर लम्हा हसीन
रहते थे मिल के ऐसे
जिंदगी थी पुर-सुकून
न जाने किस घडी मैं
अपना घर छोड़ आया
मुझे आज मेरा
वतन याद आया.
वो दिलकश अदाएं
देखते ही मुस्कुराना
जाते हो तो सुनो जी
घर जल्दी लौट आना
उठते ही रोज सुबह
उसका ख्याल आया
मुझे आज मेरा
वतन याद आया.
भूला ही नहीं मुझ को
अब तक भी वो मंजर
वो जुदाई के लम्हे
थे जैसे कोई खंज़र
न चाहते हुए भी मैं
वहाँ सबको छोड़ आया
मुझे आज मेरा
वतन याद आया.
वो अहिंसा की धरती
है जो अमन की निशानी
कही जो बात सबने
हमने भी वही मानी
मुझे नाज़ इस पर
मैं हूँ भारत का जाया
मुझे आज मेरा
वतन याद आया.